कोरोनावायरस की रोकथाम के लिए 17 मई तक देशव्यापी लॉकडाउन है। इस बीच गैर राज्यों में फंसे श्रमिक परिवार के साथ जैसे तैसे पलायन कर अपने गांव लौट रहे हैं। लेकिन असुरक्षित यातायात उनके लिए जानलेवा साबित हो रहा है। बीते 12 घंटे में उत्तर प्रदेश में बहराइच, बाराबंकी, मेरठ, जालौन, जौनपुर व ललितपुर में सड़क हादसे हुए। जिसमें 8 लोगों की मौत हुई तो 69 घायल हुए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। वहीं, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बाराबंकी: तीन प्रवासी श्रमिकों की मौत, चार घायल
जिले में रामनगर तिराहे पर गुरुवार देर रात करीब ढाई बजे अज्ञात वाहन की ठोकर से जगदीश (38 वर्ष), धर्मेंद्र (27 वर्ष), मिहाज अली (33 वर्ष) की मौत हो गई। जबकि, चार घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। साथ मौजूद रहे मनोज कुमार निषाद ने बताया कि यह लोग सूरत में कमाने के लिए गए थे। लॉकडाउन के चलते सभी वहां फंसे थे। ये सभी लोग ट्रक से वापस आ रहे थे और किसी काम से यहां रुके थे, तभी यह लोग हादसे का शिकार हो गए। इन लोगों को किसी अज्ञात वाहन ने ठोकर मारी है। मनोज ने आरोप लगाया कि उसने खुद सभी के लिए ऑनलाइन अप्लाई किया था, लेकिन किसी को कोई सरकारी मदद नहीं मिली।
मेरठ: फ्लाईओवर की दीवार से टकराया ट्रक
दिल्ली से मुजफ्फरनगर की ओर जा रहा एक ट्रक शुक्रवार सुबह थाना पल्लवपुरम क्षेत्र की मोदीपुरम चेकपोस्ट के ठीक सामने अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की दीवार से टकरा गया। ट्रक के टकराने के बाद तेज धमाके की आवाज दूर तक सुनी गई। पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने ट्रक में फंसे चालक को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। बाद में क्रेन मंगाकर किसी तरह ट्रक में फंसे चालक का शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। चालक की अभी शिनाख्त नहीं हुई है, उसके हाथ पर सुरेश नाम लिखा है। पुलिस चेकपोस्ट प्रभारी विकास चौहान ने बताया कि, ट्रक में फंसे शव को करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। टोलप्लाजा से बुलाई गई क्रेन की मदद से ट्रक को मौके से हटाने का काम किया जा रहा है।
जालौन: डीसीएम को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, 2 की मौत
एट थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे-27 पर गुरुवार देर रात अज्ञात वाहन ने डीसीएम में टक्कर मार दी। जिससे डीसीएम अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खंती में जा गिरी। इस हादसे में महिला सहित 2 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. सतीश कुमार ने बताया कि, मजदूर महाराष्ट्र से सुल्तानपुर व भदोही व अन्य जिलों के थे। बताया गया है कि इस डीसीएम में लगभग 50 प्रवासी मजदूर सफर कर रहे थे। उनके खाने-पीने की व्यवस्था की जा रही है।
बहराइच: अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई डीसीएम, एक की मौत, 35 घायल
फखरपुर थाना क्षेत्र के मदनकोठी के पास शुक्रवार सुबह डीसीएम अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराते हुए पेड़ से जा टकराई। डीसीएम में सवार फरीरूददीन, मोहम्मद सिराज, सलमान, रिजवान, इरफान, समीम खान, मोहम्मद जहीर, जाबिर, भुल्लर, कलाम, मुस्ताद समेत 35 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। यहां पर कई मजदूरों की हालत नाजुक बताई जा रही है। कैसरगंज सीओ जंगबहादुर यादव ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि डीसीएम में सवार श्रमिक कैसरगंज, हुजुरपुर, गजाधरपुर, खैरीघाट, जलालपुर, मटेरा, हुसैनपुरवा समेत अन्य जगहों के निवासी थे। ये सभी महाराष्ट्र से आ रहे थे। एएसपी अजय प्रताप ने बताया कि इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई है। अभी उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
जौनपुर: गिट्टी लदी ट्रक पलटी, एक मजदूर की मौत
खुटहन थाना क्षेत्र के गोबरहा गांव में गिट्टी से भरा ट्रक में सवार होकर अपने वतन लौट रहे 8 परदेसी दुर्घटना के शिकार हो गए। इस हादसे में एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, 7 लोग जख्मी हो गए। दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार प्रयागराज जिले के झूसी से गुजर रही गिट्टी लदी ट्रक (यूपी 53 ईटी 0701) पर मुम्बई, गुजरात समेत अन्य महानगरों से आ रहे 6 मजदूर सवार होकर बस्ती के लिए निकले थे। रास्ते में बदलापुर में पैदल चल रहे दो और मजदूर सवार हो गए। यह ट्रक भोर में करीब पांच बजे खुटहन थाना क्षेत्र के गोबरहा गांव के पास पहुंचा तो इसी बीच एक तेज गति से आ रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। उस पर सवार सभी मजदूर गिट्टी में दब गए। इस हादसे में बस्ती निवासी मनोज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
ललितपुर: एक परिवार के चार सदस्यों समेत छह घायल
चौकी बांसी क्षेत्र में राष्ट्रीय राज्यमार्ग 44 पर स्थित लखनपुरा गांव के पास शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे एक कार पुलिया से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिससे कार में सवार गोंडा जिले के धानेपुर निवासी टैक्सी ड्राइवर रामतेज (44 वर्ष), उसकी बेटी प्रियंका सोनकर (13 वर्ष), पुत्र मुकेश (18 वर्ष), पत्नी संजो देवी (40) के अलावा सिद्धार्थनगर निवासी 24 वर्षीय सन्तोष मिश्र व मोहनगंज (बस्ती) निवासी 58 वर्षीय देवमन तिवारी घायल हो गए। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां मुकेश, रामतेज की हालत गंभीर है। रामतेज ने बताया कि वह मुंबई में टैक्सी चलाकर परिवार का गुजारा कर रहा था। लेकिन लॉकडाउन के चलते परिवार के सामने भुखमरी का संकट खड़ा हो गया तो अपनी टैक्सी से परिवार सहित गांव जा रहा था। साथ में उसके परिचित देवमन व उसका भांजा संतोष तिवारी भी आ रहे थे। यह हादसा झपकी आने से हुआ।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/news/uttar-pradesh-road-accident-today-news-updates-8-killed-69-injured-in-separate-accident-in-bahraich-barabanki-meerut-jalaun-jaunpur-and-lalitpur-127304032.html
via For songs Lyrics
0 Comments