मौजूदा चैम्पियन भारत का पहला मुकाबला श्रीलंका से आज, 20 साल में 5वीं बार खिताब जीतने का मौका

खेल डेस्क. मौजूदा चैम्पियन भारतीय टीम अंडर-19 वर्ल्ड कप में आज श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी। यह मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के ब्लोमफॉनटेन में होगा। 4 बार की विजेता भारत को इस बार भी खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। भारतीय टीम ने पहला खिताब 2000 में मोहम्मद कैफ की कप्तानी में जीता था। पिछली बार 2018 में भारत ने पृथ्वी शॉ की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था।

अंडर-19 का यह 13वां वर्ल्ड कप है। भारतीय टीम अब तक 4, ऑस्ट्रेलिया 3, पाकिस्तान 2 के अलावा इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका 1-1 बार यह खिताब जीत चुके हैं।

भारत ने इसी महीने 4 देशों का टूर्नामेंट जीता
टीम इंडिया ने इसी महीने दक्षिण अफ्रीका में ही मेजबान, जिम्बाब्वे और न्यूजीलैंड को हराकर 4 देशों का टूर्नामेंट जीता है। वहीं, अंडर-19 वर्ल़्ड कप में भी उसकी शुरुआत अच्छी रही है। उसने पहले अभ्यास मैच में अफगानिस्तान को हराया था।

मौजूदा टीम के 5 खिलाड़ियों को आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने खरीदा

भारतीय अंडर-19 टीम में पांच ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें आईपीएल में भी मोटी कीमत देकर खरीदा गया है। इसमें यशस्वी जायसवाल को राजस्थान रॉयल्स ने 2.4 करोड़ में खरीदा। इससे पहले वे विजय हजारे ट्रॉफी में दोहरा शतक लगाकर सुर्खियों में आ आए थे। इसके अलावा टीम के कप्तान प्रियम गर्ग को सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल नीलामी में 1.90 करोड़ देकर खरीदा है। गेंदबाज़ों में स्पिनर रवि बिश्नोई, कार्तिक त्यागी और आकाश सिंह पर निगाहें रहेंगी। बिश्नोई को आईपीएल नीलामी में किंग्स इलेवन पंजाब ने 2 करोड़ में खरीदा था।

श्रीलंका को अभ्यास मैच में पाकिस्तान ने हराया था
श्रीलंका के पास भी कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं, जो भारत के लिए चुनौती बन सकते हैं। इसमें टीम के कप्तान निपुन धनंजय और सोनल दिनुषा शामिल हैं। निपुन ने ने पाकिस्तान के खिलाफ प्रिटोरिया में हुए अभ्यास मैच में भी 55 रन की पारी खेली थी। हालांकि, उनकी टीम को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, दिनुषा 5 प्रथम श्रेणी और इतने ही लिस्ट-ए मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 197 रन बनाए हैं।

भारत को न्यूजीलैंड के साथ ग्रुप-ए में रखा गया है
भारत को ग्रुप-ए में रखा गया है, जिसमें जापान, न्यूजीलैंड और श्रीलंका भी हैं। ग्रुप बी में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, नाइजीरिया और वेस्टइंडीज हैं। ग्रुप-सी में बांग्लादेश, पाकिस्तान, स्कॉटलैंड और जिम्बाब्वे हैं, जबकि ग्रुप-डी में अफगानिस्तान, कनाडा, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) हैं। नाइजीरिया और जापान ने पहली बार क्वालिफाई किया है। हर ग्रुप से दो शीर्ष टीमें सुपर लीग में पहुंचेंगी। चार शहरों और आठ मैदानों पर कुल 24 मैच खेले जाएंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
India vs Sri Lanka Match Under 19 World Cup Match News Updates


from Dainik Bhaskar https://www.bhaskar.com/sports/cricket/news/india-vs-sri-lanka-match-under-19-world-cup-match-news-updates-126555032.html
via 🎵🎵🎵

Post a Comment

0 Comments